Lucknow Triple Murder: मामूली बात पर हो गईं तीन हत्याएं, पार्किंग के झगड़े के साथ एक छोटी सी बात बनी कांड की वजह


Lucknow triple murder: पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के मुताबिक बरगद के पेड़ के पास खाली पड़ी जमीन पर कार खड़ी करने को लेकर सुबह 10:30 बजे दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। 

Lucknow Triple Murder: पार्किंग विवाद में ट्रिपल मर्डर, पिता-बेटे समेत तीन की गोली मारकर हत्या
Lucknow Triple Murder: पार्किंग विवाद में ट्रिपल मर्डर, पिता-बेटे समेत तीन की गोली मारकर हत्या

पार्किंग विवाद में खूनी संघर्ष, तीन लोगों की मौत

Lucknow Triple Murder: लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में सोमवार सुबह पार्किंग विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में शिवाजी तिवारी (60), उनके भाई शंभू तिवारी (55) और शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले 30 वर्षीय ऋषभ शुक्ला ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे बरगद के पेड़ के पास खाली पड़ी जमीन पर कार खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इसी दौरान ऋषभ ने कथित तौर पर अवैध पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और मृतकों के परिवार में कोहराम छा गया।

राजधानी लखनऊ में ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई है। काले चश्मे में आरोपी ऋषभ।
राजधानी लखनऊ में ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई है। काले चश्मे में आरोपी ऋषभ।

बरगद के पेड़ के चबूतरे को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

स्थानीय पार्षद अनूप कमल सक्सेना के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच बरगद के पुराने पेड़ के पास चबूतरा बनवाने को लेकर भी लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब एक महीने पहले इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। पुलिस से शिकायत किए जाने के बाद चबूतरे का निर्माण कार्य रोक दिया गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ऋषभ ने चबूतरे के सामने स्थित दुकान के शटर पर ‘नो पार्किंग’ और पांच हजार रुपये जुर्माने की बात भी लिख रखी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार सुबह शिवाजी घर के सामने स्थित मंदिर में जल चढ़ाकर लौट रहे थे। इसी दौरान ऋषभ कथित तौर पर उनका मोबाइल से वीडियो बनाने लगा और चबूतरे को लेकर टिप्पणी की। इस पर शिवाजी नाराज हो गए और उन्होंने अपने भाई शंभू को मोबाइल फोन लेकर बुलाया। शंभू के पहुंचने पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। इसी बीच ऋषभ के पिता, चाचा और बहनें भी मौके पर पहुंच गए। शोर सुनकर कमरे में सो रहे सुयश बाहर आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान ऋषभ घर से असलहा लेकर आया और तीनों पर गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद सुयश ने भागकर जान बचाने की कोशिश की और कार के पीछे छिप गए, लेकिन आरोपी ने पीछा कर उन्हें दोबारा गोली मार दी। शिवाजी और शंभू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

आरोपी और उसकी तीन बहनें गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश

Lucknow Triple Murder: वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने बीचबचाव की कोशिश की, लेकिन लगातार हो रही फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासी जितेंद्र कश्यप ने बताया कि ऋषभ ने उनकी ओर भी दो गोलियां चलाई थीं। उन्होंने कार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सआदतगंज थाने के सिपाही कार्तिक ने मुख्य आरोपी ऋषभ को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से अवैध पिस्टल और चार खोखे बरामद किए हैं। मामले में शंभू तिवारी की पत्नी रुचि तिवारी की तहरीर पर ऋषभ शुक्ला, उसके पिता दिनेश शुक्ला, चाचा राजेश शुक्ला और गिरीश शुक्ला के साथ उसकी बहनों प्रीति, अदिति और दिव्या के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी तीन बहनों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पुराने विवाद, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मामूली विवादों के हिंसक रूप लेने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *