प्रियम गर्ग ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र—मेहनत करें और लगातार सीखते रहें। UPT20 ट्रॉफी टूर में युवाओं को मिला क्रिकेट सितारों से संवाद का मौका


Priyam Garg - Lucknow Falcons
Priyam Garg – Lucknow Falcons

लखनऊ। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के ट्रॉफी टूर के तहत मंगलवार को लीग की ट्रॉफी राजधानी के दो प्रमुख स्कूलों—जीडी गोयनका स्कूल और जयपुरिया स्कूल, शहीद पथ—पहुंची। इस दौरान युवा क्रिकेटरों और छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। जीडी गोयनका स्कूल में लखनऊ फाल्कन्स के स्टार बल्लेबाज प्रियम गर्ग ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर अपने क्रिकेट सफर, संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए। वहीं जयपुरिया स्कूल में नोएडा किंग्स के नमन तिवारी ने छात्रों के साथ संवाद किया और क्रिकेट से जुड़े अपने अनुभव बताए। प्रियम गर्ग भारतीय अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और उनकी कप्तानी में भारत ने अंडर-19 विश्व कप 2020 में उपविजेता का स्थान हासिल किया था। वह आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। यूपी टी-20 लीग में प्रियम लगातार चौथे सीजन में लखनऊ फाल्कन्स का हिस्सा हैं।

छात्रों से बातचीत के दौरान प्रियम गर्ग ने अपने शुरुआती क्रिकेट करियर के संघर्षों को याद करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने क्रिकेट के प्रति जुनून और मेहनत को कभी कम नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में बल्ले पर एमआरएफ का स्टिकर लगाकर खेलना भी उन्हें बड़े खिलाड़ी जैसा महसूस कराता था। प्रियम ने विद्यार्थियों को बताया कि सफलता हासिल करने के लिए संसाधनों से ज्यादा जरूरी लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रयास में मनचाही सफलता नहीं मिलती है तो निराश होने के बजाय अपनी गलतियों से सीखकर और अधिक मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को लगातार नई चीजें सीखने, अपने खेल और कौशल को बेहतर बनाने तथा असफलताओं को सफलता की सीढ़ी के रूप में लेने की सलाह दी। प्रियम ने कहा कि खिलाड़ी के लिए हर दिन सीखने और खुद को बेहतर बनाने का अवसर होता है।

प्रियम गर्ग ने कहा कि यूपी टी-20 लीग उनके लिए खास मंच है और लखनऊ फाल्कन्स को खिताब दिलाकर ट्रॉफी उठाना उनके करियर के सबसे यादगार पलों में से एक होगा। उन्होंने छात्रों से अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट रहने और उसे हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करते रहने का आह्वान किया। ट्रॉफी टूर के दौरान छात्रों को यूपी टी-20 लीग की ट्रॉफी को करीब से देखने और खिलाड़ियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला, जिससे उनमें क्रिकेट को लेकर उत्साह और बढ़ा। कार्यक्रम के दौरान जीडी गोयनका स्कूल के चेयरमैन डॉ. सर्वेश गोयल, प्रिंसिपल सोनिया मथाई, संयोजक सलमान खान और मंजू समेत स्कूल के शिक्षक व अन्य लोग मौजूद रहे। ट्रॉफी टूर का उद्देश्य प्रदेश में क्रिकेट के प्रति उत्साह बढ़ाने और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करना है। लीग के चौथे सीजन के आगाज से पहले यह अभियान खिलाड़ियों और प्रशंसकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।


1. प्रियम गर्ग ने छात्रों से साझा किया क्रिकेट सफर

2. सफलता का मंत्र—मेहनत और लगातार सीखते रहें

3. अंडर-19 विश्व कप 2020 में भारत के कप्तान रहे प्रियम

4. आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स का किया प्रतिनिधित्व

5. यूपी टी-20 में लगातार चौथे सीजन लखनऊ फाल्कन्स का हिस्सा

6. लखनऊ फाल्कन्स को चैंपियन बनाना प्रियम का लक्ष्य

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *