50 ओवर के मैच में टीम ने बनाए 822 रन, दूसरी टीम का स्कोर देखकर तो हैरान ही हो जाएंगे


जिम्बाब्वे में एक क्लब मैच में टीम ने चार विकेट पर 822 रन का बड़ा स्कोर बना दिया. यह 50 ओवर के खेल में किसी भी टीम का बनाया सबसे बड़ा स्कोर है. इसमें एक बल्लेबाज ने तिहरा शतक भी ठोक दिया.

एक वनडे मैच में कोई टीम कितने रन बना सकती है? क्रिकेट जिस रफ्तार से बदल रहा है उसे देखते हुए 500 रन का आंकड़ा वनडे इंटरनेशनल में जल्द हासिल हो सकता है. लेकिन जिम्बाब्वे में एक ऐसा वनडे मैच हुआ (इंटरनेशनल नहीं) जिसमें एक टीम ने 50 ओवर में 822 रन बना दिए. जी, दोनों टीमों द्वारा मिलकर बनाया गया स्कोर नहीं था. बल्कि किसी एक टीम ने ही इतने रन बना दिए थे. इस मैच के स्कोर को देखकर हर कोई हैरान है.

यह मैच स्कॉर्पियन क्रिकेट क्लब और मेथाने लॉयंस के बीच खेला गया. और इसमें स्कॉर्पियन क्रिकेट क्लब ने जो बल्लेबाजी की उसने सारे रिकॉर्ड धराशायी कर दिए. इस टीम ने चार विकेट पर 822 रन का बड़ा स्कोर बना दिया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेथाने लायंस की टीम की बल्लेबाजी बिलकुल फिसड्डी निकली. यह टीम कुल मिलाकर 7 विकेट पर 28 रन ही बना सकी. और स्कॉर्पियन की टीम को 794 रन की बड़ी जीत मिली.

टॉस जीतकर स्कॉर्पियन के कप्तान प्रेज मकाजा (Praise Makaza) ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. और उनके बल्लेबाजों ने विपक्षी टीम के गेंदबाजों की खूब खबर ली. स्कॉर्पियन के लिए विलफेड मुतेन्डे ने सबसे कमाल की बल्लेबाजी की. उन्होंने सिर्फ 75 गेंद पर 203 रन ठोक दिए. उनका स्ट्राइक-रेट 270.67 का रहा. अपनी पारी में उन्होंने 23 चौके और 13 छक्के लगाए. लेकिन टीम के लिए सबसे ज्यादा रन ताकुंडा मेदेम्बो (Takunda Madembo) ने 143 गेंद पर 302 रन की पारी खेली. उन्होंने इस पारी में 50 चौके और सात छक्के लगाए. ग्रैबियल जाया ने 49 गेंद पर 110 रन बनाए. उनका स्ट्राइक-रेट 224.49 का रहा. विन्सन मोयो ने 39 गेंद पर 78 रन की तूफानी पारी खेली.

स्कॉर्पियन क्रिकेट क्लब ने 50 ओवर में चार विकेट पर 822 रन बनाए. उनका औसत 16.44 का रहा. पिच बल्लेबाजी के लिए मुफीद लग रही थी. और ऐसा लग रहा था कि लेथाने की टीम भी इसका कड़ा जवाब देगी. लेकिन दूसरी पारी में यह गेंदबाजों के लिए काम करने लगी. टीम 7.5 ओवर में 7 विकेट पर 28 रन ही बना सकी.

लिस्ट ए में सर्वाधिक रजिस्टर्ड स्कोर 6 विकेट पर 574 रन का है. जो बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी में बनाया था. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 84 गेंद पर 190 रन की पारी खेली थी.

इससे पहले लिस्ट ए में तमिलनाडु ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ही 2022 में 2 विकेट पर 506 रन बनाए थे. वनडे इंटरनेशनल में किसी टीम का बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर 4 विकेट पर 498 है, जो इंग्लैंड ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 2022 में ही बनाया था.

अब स्कॉर्पियन क्रिकेट क्लब ने इस पूरे परिदृश्य को ही बदल दिया है.

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *