पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के जोश में कोलकाता TMC दफ्तर के बाहर पहुंच गए BJP वर्कर, लगाए जय श्री राम के नारे, शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम में 9,000+ वोट से जीते


Image Credit : ANI
Image Credit : ANI

West Bengal Election Result 2026 Live: पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। अधिकतर सीटों के नतीजे आ चुके हैं और बीजेपी लगभग 200 सीटें जीतती नजर आ रही है।। बीजेपी ने बहुमत का 148 वाला जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, टीएमसी 100 सीटें भी नहीं जीत पाई है, जबकि ममता बनर्जी ने लगातार 200 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया था। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव कराए गए। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को संपन्न हुआ। वहीं मतदान संपन्न होने के बाद आज मतों की गणना हो रही है। ममता बनर्जी के लिए सत्ता बचाना बड़ी चुनौती थी और वह इसे पार करने में विफल रही हैं।

क्यों 293 सीटों पर ही हो रही मतगणना?

पश्चिम बंगाल में 294 की जगह 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है। बीते दिनों पश्चिम बंगाल की फलता सीट पर गड़बड़ी की सूचना मिल रही थी। इस बीच शनिवार को स्थानीय लोग सड़कों पर उतर गए और टीएमसी के वर्कर्स की हकीकत कैमरे के सामने बयां की। आखिरकार चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर वोटिंग के दौरान भारी गड़बड़ी को लेकर बड़ा निर्णय लिया और यहां 29 अप्रैल को हुई वोटिंग को रद्द करते हुए इस सीट पर री-पोलिंग का आदेश दे दिया। अब इस सीट पर 21 मई को मतदान होगा और 24 मई को इस सीट के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

15 बूथों पर हुआ पुनर्मतदान

वहीं पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर शनिवार को पुनर्मतदान भी कराया गया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला। चुनावी धांधली की जानकारी मिलने पर निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को इस सीट पर पुनर्मतदान का आदेश दिया था। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दिया गया था।


पीएम मोदी ने जताई खुशी


पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बंपर जीत पर खुशी जताते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा! 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद किए जाएंगे। जनता की ताकत की जीत हुई है और बीजेपी की अच्छे शासन की राजनीति की जीत हुई है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति को नमन करता हूं। लोगों ने बीजेपी को शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें भरोसा दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और उम्मीदों को पूरा करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करेगी। हम ऐसी सरकार देंगे जो समाज के सभी वर्गों को मौका और सम्मान देगी।” उन्होंने दूसरे पोस्ट में कार्यकर्ताओं को शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, “पश्चिम बंगाल में बीजेपी की रिकॉर्ड जीत कई पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं की कोशिशों और संघर्ष के बिना मुमकिन नहीं थी। मैं उन सभी को सलाम करता हूं। सालों से, उन्होंने जमीन पर कड़ी मेहनत की है, हर तरह की मुश्किलों को पार किया है और हमारे विकास के एजेंडे के बारे में बात की है। वे हमारी पार्टी की ताकत हैं।”

अमित शाह ने बंगाल की जनता का आभार जताया


गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने इस जीत के लिए बंगाल की जनता का आभार जताया है। अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन, यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है। यह टीएमसी के ‘भय’ के ऊपर नरेंद्र मोदी जी पर ‘भरोसे’ की जीत है। मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में मां गंगा के उद्गम से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह भाजपा का भगवा ध्वज शान से लहरा रहा है।” अमित शाह ने दूसरे पोस्ट में कार्यकर्ताओं की तरीफ करते हुए लिखा, “बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा। भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुंचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं। बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है। इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और बंगाल के कोने-कोने में डटे हर एक कार्यकर्ता को बधाई देता हूं।”

बंगाल में आई BJP…नई सरकार महिलाओं को देगी 3000 रुपये महीना, बेरोजगारों को भी नकद मदद का है वादा

महिला को 3,000 रुपए की मासिक आर्थिक सहायता

बीजेपी के घोषणापत्र में महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं प्रस्तावित थीं. महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बटालियन, ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड’ और सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही गई थी. इसके अलावा हर महिला को 3,000 रुपए मासिक आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया है.

बेरोजगार युवाओं को भी आर्थिक सहायता

घोषणापत्र में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता सुनिश्चित करने और सातवें वेतन आयोग को लागू करने का वादा किया गया है. युवाओं के लिए अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने की बात कही गई है. साथ ही बेरोजगार युवाओं को 3,000 रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा भी शामिल है.

सुरक्षा को लेकर भी किए गए वादे

सुरक्षा को देखते हुए भाजपा ने अपने घोषणापत्र में सबसे पहले घुसपैठ पर सख्ती से रोक लगाने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने का वादा किया है. सिंडिकेट राज और ‘कट मनी’ संस्कृति को खत्म करने का भी भरोसा दिया गया है.

किसानों के लिए भी बड़े वादे

किसानों के लिए चावल, आलू और आम की खेती में सहायता और उचित मूल्य सुनिश्चित करने का वादा किया गया है. मछुआरों को पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत पंजीकरण और राज्य को मछली निर्यात का बड़ा केंद्र बनाने की योजना है.

स्वास्थ्य और शिक्षा

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना लागू करने, मुफ्त एचपीवी टीकाकरण, ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और उत्तर बंगाल में एम्स, आईआईटी और आईआईएम स्थापित करने का वादा किया गया है. इसके साथ ही ‘वंदे मातरम संग्रहालय’ बनाने और धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए कानून लाने की भी घोषणा की गई है.

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *