लखनऊ : सई नदी में गणपति विसर्जन के दौरान तीन युवक डूबे, तलाश जारी


मोहनलालगंज। सिसेंडी थाना क्षेत्र के मीनापुर में मंगलवार को गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान सई नदी में तीन युवक गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। हादसे के बाद विसर्जन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जानकारी के मुताबिक, सिसेंडी के कोरियाना मोहल्ले में गणेश चतुर्थी पर गणपति प्रतिमा स्थापित की गई थी। मंगलवार को श्रद्धालु प्रतिमा लेकर सई नदी में विसर्जन के लिए पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान 40 वर्षीय हरिप्रसाद पुत्र राधेलाल, 35 वर्षीय धीरज पुत्र नरेश और 22 वर्षीय प्रमोद पुत्र कल्लू नदी के गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। तीनों के डूबने की सूचना मिलते ही वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाव की कोशिश शुरू कर दी। देखते ही देखते नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। इंस्पेक्टर समेत पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तीनों युवकों की तलाश कराई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उनका तत्काल पता नहीं चल सका। एसीपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी एसडीआरएफ को भी दी गई है। एसडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद नदी में तलाश अभियान को और तेज किया जाएगा। हादसे के बाद विसर्जन स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। वहीं, तीन युवकों के नदी में डूबने की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन नदी किनारे पहुंचकर अपनों की तलाश को लेकर बेहाल नजर आए। पुलिस और बचाव दल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और नदी में तीनों युवकों की तलाश लगातार जारी है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *