
विपक्ष की 19 पार्टियों ने 28 मई को होने जा रहे नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह के बहिष्कार की घोषणा की है। इन पार्टियों में कांग्रेस, DMK, AAP, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), TMC, JDU, RJD इत्यादि शामिल हैं. इन पार्टियों की तरफ से एक संयुक्त बयान भी जारी किया गया है. बयान में कहा गया है,
“राष्ट्रपति मुर्मू को पूरी तरह से दरकिनार करते हुए नए संसद भवन का उद्घाटन करने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्णय न केवल एक गंभीर अपमान है, बल्कि हमारे लोकतंत्र पर सीधा हमला है.”
इसी संयुक्त बयान में लिखा है,
“राष्ट्रपति के बिना संसद कार्य नहीं कर सकती है. फिर भी, प्रधानमंत्री ने उनके बिना नए संसद भवन का उद्घाटन करने का निर्णय लिया है. यह अशोभनीय कृत्य राष्ट्रपति के उच्च पद का अपमान करता है. यह सम्मान के साथ सबको साथ लेकर चलने की उस भावना को कमजोर करता है जिसके तहत देश ने अपनी पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति का स्वागत किया था.”
राहुल गांधी ने किया था ट्वीट
इससे पहले कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 21 मई को ट्वीट करते हुए कहा था कि नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति जी को ही करना चाहिए, प्रधानमंत्री को नहीं. इस ट्वीट के बाद से ही विपक्षी पार्टियां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा नए संसद भवन के उद्घाटन की मांग करने लगीं.
राष्ट्रपति से संसद का उद्घाटन न करवाना और न ही उन्हें समारोह में बुलाना – यह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान है।
संसद अहंकार की ईंटों से नहीं, संवैधानिक मूल्यों से बनती है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 24, 2023
इस बीच केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट करते हुए कहा कि राष्ट्रपति संसद के किसी सदन के सदस्य नहीं होते हैं और कांग्रेस की आदत ही विवाद खड़ना करना है. हरदीप सिंह पुरी को जवाब देते हुए कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने संविधान के अनुच्छेद 79 का जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि कहा कि संघ के लिए एक संसद होगी जिसमें राष्ट्रपति और दो सदन होंगे (राज्यसभा और लोक सभा). तिवारी ने आगे कहा कि केंद्रीय मंत्रियों को भारत का संविधान बहुत ध्यान से पढ़ना चाहिए.
इन 19 विपक्षी पार्टियों ने लिया है बहिष्कार का फैसला-
– कांग्रेस
– द्राविड़ मुन्नेत्र कड़गम
– आम आदमी पार्टी
– तृणमूल कांग्रेस
– शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे)
– समाजवादी पार्टी
– भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी
– भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)
– झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM)
– केरल कांग्रेस (मणि)
– विदुथलाई चिरुथिगल कच्ची
– राष्ट्रीय लोकदल
– जनता दल (यूनाइटेड)
– राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी
– राष्ट्रीय जनता दल
– इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग
– नेशनल कांफ्रेंस
– रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी
– मारुमलार्ची द्राविड़ मुन्नेत्र कड़गम
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
