UPT20 लीग ट्रॉफी टूर का आगाज़, समीर रिजवी-आर्यन जुयाल ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र, एसआर ग्रुप में क्रिकेट सितारों ने साझा किए अनुभव, 8 अगस्त को दो और संस्थानों में पहुंचेगी ट्रॉफी


यूपी टी-20 लीग के विशेष ट्रॉफी टूर अभियान के एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के शुभारंभ के दौरान लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, समीर रिजवी व आर्यन जुयाल
यूपी टी-20 लीग के विशेष ट्रॉफी टूर अभियान के एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के शुभारंभ के दौरान लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, समीर रिजवी व आर्यन जुयाल

एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में हुआ भव्य शुभारंभ

तालियों की गूंज, छात्रों के उत्साह और क्रिकेट सितारों की मौजूदगी के बीच यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के छह दिवसीय विशेष ट्रॉफी टूर अभियान का शानदार आगाज़ एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सीतापुर रोड से हुआ। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने ट्रॉफी टूर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आईपीएल स्टार और कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी तथा उत्तर प्रदेश रणजी टीम के कप्तान और गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल विशेष रूप से मौजूद रहे। संस्थान के वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया। खचाखच भरे सभागार में क्रिकेट, युवा ऊर्जा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। छात्रों ने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया और ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए उनमें खासा उत्साह दिखाई दिया।

समीर रिजवी ने साझा किया क्रिकेट सफर, धोनी से मिली सीख बताई

संवाद सत्र के दौरान समीर रिजवी ने अपने क्रिकेट सफर के शुरुआती दिनों की यादें छात्रों के साथ साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनका पहला बैट घर में इस्तेमाल होने वाली थापी थी। बचपन में उनकी शरारतों से परेशान होकर परिवार ने उन्हें मैदान भेजना शुरू किया और वहीं से उनके क्रिकेट करियर की शुरुआत हुई। कप्तानी और दबाव से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश हमेशा पूरी टीम को साथ लेकर चलने की रहती है। मैच से पहले रणनीति बनाते समय हर खिलाड़ी की राय को महत्व देना जरूरी है। समीर ने बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स में महेंद्र सिंह धोनी से उन्होंने सबसे बड़ी सीख यह ली कि दबाव की स्थिति में जितना शांत रहा जाए, उतने ही बेहतर फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में दो-तीन गहरी सांस लेने और खुद को शांत रखने की सलाह भी दी।

आर्यन जुयाल ने मेहनत और लक्ष्य पर दिया जोर

गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने भी छात्रों के साथ अपने क्रिकेट अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने 16-17 वर्ष की उम्र में विकेटकीपिंग शुरू की थी। इसके बाद लगातार मेहनत के दम पर उन्हें उत्तर प्रदेश टीम और फिर अंडर-19 विश्व कप टीम में जगह बनाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग करना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन इसी चुनौती ने उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा दी। आर्यन ने छात्रों से कहा कि किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करना और उसके लिए लगातार मेहनत करना जरूरी है। संवाद सत्र में रोजा, नीलेश, उत्कर्ष, रिया मोदी सहित कई छात्रों ने खिलाड़ियों से बेबाक सवाल किए। खिलाड़ियों ने अपने अनुभवों के आधार पर सवालों के जवाब देते हुए खेल, पढ़ाई और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।

अबकी बार सीजन चार - चार का वार, उत्तर प्रदेश का त्यौहार - UPT20
अबकी बार सीजन चार – चार का वार, उत्तर प्रदेश का त्यौहार – UPT20

लोयोला स्कूल पहुंचा ट्रॉफी टूर, 8 अगस्त को दो और संस्थानों में होगा आयोजन

अपने संबोधन में डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग के पीछे उनके मार्गदर्शक राजीव शुक्ला का विजन है। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग आज आईपीएल के बाद देश की चर्चित घरेलू क्रिकेट लीगों में अपनी अलग पहचान बना चुकी है और उनका लक्ष्य इसे देश की सबसे बड़ी घरेलू क्रिकेट लीग बनाना है। कार्यक्रम का संचालन आरजे आलोक ने अपनी चिर-परिचित शैली में किया, जबकि संस्थान के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के शिक्षक अवनीश शुक्ला की प्रस्तुति ने भी छात्रों को प्रभावित किया। इसी दिन ट्रॉफी टूर का दूसरा पड़ाव लोयोला इंटरनेशनल स्कूल, महानगर रहा, जहां ट्रॉफी और क्रिकेट सितारों को देखने के लिए छात्रों में जबरदस्त उत्साह रहा। ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाने और खिलाड़ियों से मिलने के लिए विद्यार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ट्रॉफी टूर अभियान के तहत 8 अगस्त को गुरुकुल एकेडमी, भूतनाथ और इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, कुर्सी रोड में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *