
विशाल निषाद (4/19) और वासु वत्स (4/16) की घातक गेंदबाजी के बाद आर्यन चौधरी (नाबाद 68) और कप्तान आर्यन जुयाल (43) की शानदार पारियों के दम पर गौर गोरखपुर लायंस ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में काशी रुद्रास को आठ विकेट से शिकस्त दी। काशी रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 138 रन बनाए। जवाब में गोरखपुर ने 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर 139 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। विशाल निषाद को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह गोरखपुर की टूर्नामेंट में दूसरी जीत है, जबकि काशी को लगातार चार जीत के बाद हार का सामना करना पड़ा।
ओपी राजभर ने की लीग की सराहना, गेंदबाजों ने काशी को रोका

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर ने घंटा बजाने की रस्म के साथ की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का शानदार मंच दे रही है। टॉस जीतकर गोरखपुर के कप्तान आर्यन जुयाल ने काशी को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। काशी की ओर से साहब युवराज सिंह ने 43 और अर्नव बलियान ने नाबाद 27 रन बनाए, लेकिन विशाल निषाद और वासु वत्स की शानदार गेंदबाजी ने पूरी पारी को नियंत्रित रखा। दोनों गेंदबाजों ने चार-चार विकेट झटके। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर मनोज पुंडीर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर पीयूष चावला भी मौजूद रहे।
आर्यन चौधरी-जुयाल की साझेदारी ने बदला मैच का रुख

139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की शुरुआत आक्रामक रही। अभय प्रताप सिंह ने 11 गेंदों पर 24 रन बनाए, लेकिन तीसरे ओवर में विजय यादव ने उन्हें आउट कर काशी को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद आर्यन चौधरी और कप्तान आर्यन जुयाल ने दूसरे विकेट के लिए 97 रन की शानदार साझेदारी कर मुकाबला पूरी तरह गोरखपुर के पक्ष में कर दिया। आर्यन चौधरी ने 44 गेंदों पर तीन चौके और सात छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए, जबकि जुयाल ने 32 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों के साथ 43 रन जोड़े। कप्तान के आउट होने के बाद सिद्धार्थ यादव ने विजयी रन बनाकर टीम को 14.4 ओवर में जीत दिला दी। इस बीच करन शर्मा ने 17 रन बनाकर लीग में 1500 रन पूरे किए और वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। समीर रिजवी 1563 रन के साथ इस सूची में शीर्ष पर हैं।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
