
लखनऊ के पुरनिया (सेक्टर-डी) स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों को मंगलवार को पूरे सम्मान और भावुक माहौल में अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह तथा भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी विभिन्न श्मशान घाटों और अंतिम संस्कार स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके परिजनों से मुलाकात की और इस दुखद घड़ी में उन्हें सांत्वना प्रदान की। नेताओं ने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और इसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
बैकुंठ धाम और पिपरा घाट पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सबसे पहले आलमबाग स्थित बैकुंठ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत छात्र सुखमनी सिंह की अंत्येष्टि में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दोनों नेता पिपरा घाट पहुंचे और वहां दिवंगत छात्रा अनुच्छा राय के अंतिम संस्कार में भाग लिया। उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया तथा दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम थीं और पूरे वातावरण में शोक की गहरी छाया दिखाई दी। नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। बीबी
इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह एवं महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी बैकुंठ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मार्टिन पुरवा निवासी भाजपा लखनऊ महानगर कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर पुरुषोत्तम गौतम के अनुज नीलेश कुमार गौतम तथा ज्ञान विहार निवासी छात्रा ज्योति को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। वहीं भाजपा लखनऊ महानगर कार्यालय में भी कोचिंग अग्निकांड में दिवंगत सभी विद्यार्थियों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। यह पूरा दिन शोक, संवेदना और श्रद्धांजलि का प्रतीक बन गया।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
