योग नगरी स्टेशन के पास उज्जैनी एक्सप्रेस का रैक पटरी से उतरा, बड़ा हादसा टला

ऋषिकेश के योग नगरी रेलवे स्टेशन के समीप खांड गांव क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9:30 बजे उज्जैनी एक्सप्रेस का खाली रैक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में इंजन सहित ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए और क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और देर रात तक राहत एवं ट्रैक बहाली का कार्य जारी रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। कई लोग घरों से बाहर निकल आए और रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ पड़े। शुरुआती तौर पर लोगों को लगा कि क्षेत्र में कोई विस्फोट या बड़ा हादसा हुआ है। कुछ ही देर में पता चला कि रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए हैं।

रेलवे की ओर से शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी और ब्रेक फेल होने की आशंका जताई गई है, लेकिन स्थानीय लोग इस दलील पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस या शंटिंग के दौरान आमतौर पर इंजन सीमित रैक के साथ चलता है, ऐसे में पूरी बोगियों के साथ ट्रेन की आवाजाही संदेह पैदा करती है।
घटना के बाद रेलवे की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के करीब ढाई घंटे तक मौके पर केवल जीआरपी और निचले स्तर के कर्मचारी ही नजर आए। वहीं लोको पायलट की मौजूदगी को लेकर भी देर रात तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
फिलहाल रेलवे अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और ट्रैक को सामान्य करने का काम तेजी से जारी है। यह हादसा रेलवे सुरक्षा और संचालन प्रणाली पर कई गंभीर सवाल छोड़ गया है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
