Lucknow: छपरा एक्सप्रेस में युवती की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप, अलग पॉलीथीन में पैक थे हाथ-पैर


छपरा एक्सप्रेस में सिर कटी युवती की लाश मिलने से सनसनी

लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छपरा से आने वाली छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ। शव एक बड़े बॉक्स में बंद था, जबकि युवती के हाथ और पैर अलग-अलग पॉलीथीन में पैक किए गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एस-1 कोच में मिला बॉक्स, खोलते ही उड़ गए होश

मामला ट्रेन संख्या 15114 छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस का है, जो शनिवार शाम छपरा से रवाना होकर रविवार सुबह करीब छह बजे गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद स्लीपर कोच एस-1 में एक संदिग्ध बॉक्स होने की सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जब बॉक्स को तोड़कर खोला गया तो अंदर एक युवती का धड़ मिला। शव का सिर गायब था और हाथ-पैर अलग पॉलीथीन में पैक थे। इस भयावह दृश्य को देखकर स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

युवती की नहीं हो सकी पहचान

चारबाग जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती के अंग किसी बेहद धारदार हथियार से काटे गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या में चापड़ जैसे हथियार का इस्तेमाल किया गया होगा। हालांकि शव पर मारपीट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।

20 स्टेशनों के सीसीटीवी खंगालेगी जीआरपी

छपरा से गोमतीनगर तक यह ट्रेन करीब 20 स्टेशनों से गुजरती है और लगभग 12 घंटे का सफर तय करती है। ऐसे में जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना है कि बॉक्स ट्रेन में किस स्टेशन से चढ़ाया गया। जीआरपी अब रूट के सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी में है। खासतौर पर उन यात्रियों की पहचान की जाएगी जो बड़े बॉक्स या संदिग्ध सामान के साथ ट्रेन में सवार हुए थे।

यात्रियों से पूछताछ करेगी पुलिस

पुलिस ने मृतका की पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। एस-1 कोच में यात्रा करने वाले आरक्षित यात्रियों का पूरा ब्यौरा रेलवे से मांगा गया है। जीआरपी यात्रियों से पूछताछ भी करेगी। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि आरक्षित कोच में जनरल टिकट वाले यात्रियों के भी चढ़ जाने से जांच थोड़ी जटिल हो सकती है।

ग्रामीण परिवेश की हो सकती है युवती

सूत्रों के अनुसार, युवती ने रंगबिरंगा सूट पहन रखा था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह ग्रामीण परिवेश से जुड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। जांच अधिकारी हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द मृतका की पहचान और आरोपी तक पहुंचा जा सके।

रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप

चलती ट्रेन में इस तरह शव मिलने की घटना से रेलवे प्रशासन भी सतर्क हो गया है। लखनऊ मंडल से लेकर गोरखपुर मुख्यालय तक रेलवे अधिकारियों में हलचल मची हुई है। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल जीआरपी हत्या, शव छिपाने और सबूत मिटाने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा रही है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *