13 दिवसीय पुरातत्व अभिरुचि पाठ्यक्रम के अंतर्गत भीमबैठका के शैलचित्रों एवं धरोहर जागरूकता पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित


लखनऊ, 21 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय, लखनऊ द्वारा आयोजित 13 दिवसीय पुरातत्व अभिरुचि पाठ्यक्रम के दूसरे दिन पुरातत्व एवं सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात पुरातत्वविद् डॉ. नारायण व्यास ने “Study of the Brick Structures and Bhimbetka Caves: History and Paintings” विषय पर विस्तार से व्याख्यान दिया। उन्होंने भीमबैठका के शैलाश्रयों के इतिहास, उनकी खोज तथा वहां मिले प्रागैतिहासिक भित्ति चित्रों की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। डॉ. व्यास ने बताया कि भीमबैठका के शैलचित्र केवल प्राचीन चित्रकला के उदाहरण नहीं हैं, बल्कि हजारों वर्ष पूर्व मानव जीवन, उसकी सामाजिक संरचना और सांस्कृतिक गतिविधियों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। उन्होंने चित्रों में प्रयुक्त रंगों, प्राकृतिक सामग्रियों, चित्रांकन की तकनीक और विभिन्न कालखंडों में विकसित हुई शैलियों के बारे में प्रतिभागियों को जानकारी दी। इन शैलचित्रों में आखेट, नृत्य, युद्ध, सामूहिक गतिविधियों, पशु-पक्षियों तथा दैनिक जीवन के अनेक दृश्य अत्यंत जीवंत रूप में दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि चित्रों की शैलीगत विविधता मानव सभ्यता के क्रमिक विकास और उसकी रचनात्मक चेतना को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

शिक्षकों और विद्यार्थियों की धरोहर संरक्षण में अहम भूमिका

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में डॉ. साधना व्यास ने “Fostering Heritage Awareness: The Role of Teachers and Students” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने सांस्कृतिक एवं पुरातात्त्विक धरोहर के प्रति जागरूकता विकसित करने में शिक्षकों और विद्यार्थियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. साधना व्यास ने कहा कि किसी भी देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत केवल पुरानी इमारतों, स्मारकों अथवा पुरातात्त्विक अवशेषों तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसमें समाज की परंपराएं, जीवनशैली, कला और सांस्कृतिक पहचान भी समाहित होती है। ऐसे में इनके संरक्षण के लिए नई पीढ़ी को धरोहर के महत्व से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों तक धरोहर संबंधी ज्ञान और संरक्षण के मूल्यों को पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं, जबकि विद्यार्थी भविष्य में जागरूक नागरिक और धरोहर संरक्षण के संवाहक बन सकते हैं। उन्होंने विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से स्थानीय स्मारकों, पुरातात्त्विक स्थलों, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे अपने आसपास मौजूद ऐतिहासिक धरोहरों को जानें, उनके संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी समझें और समाज में इसके लिए जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

विशेषज्ञों का सम्मान, 150 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

इस अवसर पर पुरातत्व निदेशक श्रीमती रेनू द्विवेदी ने पद्मश्री से सम्मानित डॉ. नारायण व्यास को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया, जबकि डॉ. साधना व्यास को स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, लखनऊ मंडल के अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. राजेंद्र यादव की उपस्थिति भी रही। विभाग की निदेशक श्रीमती रेनू द्विवेदी ने अतिथियों एवं विशेषज्ञ वक्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे पाठ्यक्रम युवाओं को पुरातत्व, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में लगभग 100 प्रतिभागियों ने प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की, जबकि करीब 50 प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। दोनों सत्रों में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के व्याख्यानों को अत्यंत रुचि और उत्साह के साथ सुना तथा पुरातत्व, शैलचित्रों, सांस्कृतिक धरोहर और उसके संरक्षण से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन डॉ. मनोज कुमार यादव ने किया। अंत में विभाग की ओर से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। 13 दिवसीय इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों में पुरातात्त्विक विरासत के प्रति रुचि, समझ और संरक्षण की भावना विकसित करना है, जिसके तहत विशेषज्ञों के अनुभव और ज्ञान के माध्यम से प्रतिभागियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जा रहा है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *