झूले से रॉड गिरने के बाद मची अफरा-तफरी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
लखनऊ, 18 अगस्त 2026। थाना गाजीपुर क्षेत्र में आयोजित सावन महोत्सव के दौरान मंगलवार रात करीब 8 बजे झूले से दो नाबालिग बालिकाओं के चोटिल होने का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 16 और 14 वर्ष की दोनों नाबालिग बालिकाएं अपनी सहेलियों के साथ सावन महोत्सव में आई थीं। इसी दौरान झूले का एक रॉड अचानक ऊपर से गिर गया, जिसकी चपेट में आने से नीचे बैठी दोनों बालिकाएं घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुषमा अस्पताल में चल रहा उपचार, दोनों बालिकाओं की हालत सामान्य
घटना के तुरंत बाद दोनों घायल बालिकाओं को उपचार के लिए सुषमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उनके हाथ और पैर में चोटें होने की जानकारी दी। दोनों बालिकाओं का अस्पताल में उपचार जारी है और उनके परिजन भी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच की जा रही है और झूले की स्थिति एवं घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
