UP IAS Officers: यूपी में शुक्रवार की रात नौकरशाही में बड़ा बदलाव हुआ। प्रदेश में एक साथ 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए।

UP IAS Officers / लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल करते हुए 38 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों, नगर आयुक्तों, विशेष सचिवों और विभिन्न विकास प्राधिकरणों में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में देखने को मिला है। अब तक एलडीए के उपाध्यक्ष रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि अनुज सिंह को एलडीए का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर को सुडा (राज्य नगरीय विकास अभिकरण) का निदेशक बनाया गया है। इस बदलाव को राजधानी लखनऊ के विकास कार्यों और प्राधिकरण की प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है। वहीं वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी अब वाराणसी के नए नगर आयुक्त होंगे। विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों में भी बदली जिम्मेदारी
UP IAS Officers: प्रशासनिक फेरबदल के तहत गाजियाबाद, मेरठ, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। अयोध्या के मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को भी यीडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि वहां तैनात राजेश कुमार को अयोध्या का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। मेरठ की मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी का भी तबादला किया गया है। बरेली की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का नया अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

कई जिलों के जिलाधिकारियों और सीडीओ के कार्यक्षेत्र बदले
UP IAS Officers: जिलों में प्रशासनिक बदलाव के तहत महाराजगंज और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारियों की अदला-बदली की गई है। महाराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर का डीएम बनाया गया है, जबकि सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। फतेहपुर के मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। इस विभाग में विशेष सचिव रहे जोगिंदर सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। पूनम निगम को फतेहपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। श्रावस्ती के सीडीओ शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी जगह शिशिर कुमार सिंह को श्रावस्ती का नया सीडीओ बनाया गया है। अलीगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद भेजा गया है, जबकि फिरोजाबाद के सीडीओ शोहन वैश्य को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

यमुना और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी बड़े स्तर पर फेरबदल
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अधिकारियों के तबादलों का व्यापक असर देखने को मिला है। यमुना प्राधिकरण से तीन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से तीन अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। यमुना प्राधिकरण में संजय कुमार मीणा, कृष्ण कुमार सिंह और शोहन वैश्य को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में प्रवीण वर्मा और नूपुर गोयल की तैनाती की गई है। नोएडा प्राधिकरण में भी अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर बदलाव करते हुए प्रीति जायसवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यमुना प्राधिकरण में तैनात शैलेन्द्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त, मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम का अपर नगर आयुक्त और प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब संबंधित जिलों और विकास प्राधिकरणों में नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों के कामकाज पर नजर रहेगी।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
