GT vs RCB Final: गुजरात के गढ़ में आरसीबी की ऐतिहासिक जीत, पांच विकेट से जीता फाइनल; लगातार दूसरी बार चैंपियन, टॉस से विराट कोहली के विनिंग छक्का तक, तस्वीरों में देखें कैसे RCB ने गुजरात को IPL 2026 के फाइनल में हराया


रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 का खिताब जीत लिया है। आरसीबी ने फाइनल में गुजरात टाइटंस (जीटी) को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता। विराट कोहली ने नाबाद 75 रन की पारी खेलकर आरसीबी को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। विराट ने छक्का लगाकर टीम को चैंपियन बनाया। 17 साल तक आईपीएल खिताब का इंतजार करने वाली आरसीबी का यह लगातार दूसरा खिताब है। आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल 2025 का खिताब जीता था। दोनों मौकों पर रजत पाटीदार ही टीम के कप्तान रहे। आरसीबी को आईपीएल 2026 का चैंपियन बनने के लिए जीटी ने 156 रन का लक्ष्य दिया था।

आरसीबी लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। पिछले सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर टीम पहली बार चैंपियन बनी आरसीबी ने इस बार खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए नया इतिहास रच दिया।

रविवार को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। गुजरात के लिए वाशिंगटन सुंदर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत संतुलित रही। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए अर्धशतक लगाया और टीम की जीत की नींव रखी। आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 161 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन
आरसीबी ने 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीतकर 18 साल के इंतजार को खत्म किया था। इसके बाद 2026 में लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर टीम ने अपनी बादशाहत कायम रखी। आईपीएल इतिहास में यह आरसीबी का दूसरा खिताब है।

पांचवीं बार फाइनल में पहुंची थी आरसीबी
आरसीबी ने आईपीएल इतिहास में कुल पांचवीं बार फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले टीम 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल खेल चुकी थी। हालांकि 2009, 2011 और 2016 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। 2025 में पहली बार चैंपियन बनने के बाद टीम ने 2026 में भी खिताब जीतकर अपने सुनहरे दौर को आगे बढ़ाया।

आरसीबी की पारी
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तेज शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 62 रन की साझेदारी की। अय्यर 16 गेंदों पर दो छक्कों और चार चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल (1), कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (1) का विकेट जल्दी-जल्दी गिरा। 62 पर एक विकेट वाली आरसीबी ने 89 पर तीन विकेट गंवा दिए थे।

विराट कोहली एक छोर पर डटे रहे। चौथे विकेट के लिए कोहली ने टिम डेविड के साथ 41 रन की अहम साझेदारी की। डेविड 17 गेंदों पर 24 रन की अहम पारी खेलकर आउट हुए। विराट कोहली अब भी क्रीज पर मौजूद रहे। 25 गेंदों पर विराट ने अपना अर्धशतक पूरा किया। यह विराट का आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक था। विराट ने 42 गेंदों पर तीन छक्कों और नौ चौकों की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेलकर आरसीबी को पांच विकेट से जीत दिलाने और लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। कोहली ने 18वें वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर आरसीबी को चैंपियन बनाया। कोहली के साथ जितेश शर्मा 14 गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे।

गुजरात की पारी
इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस (जीटी) 8 विकेट पर 155 रन बना सकी थी। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुजरात सलामी बल्लेबाज कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस अहम मैच में फ्लॉप रहे। सुदर्शन 12 और गिल 10 रन बनाकर आउट हुए।  गुजरात की तरफ से वाशिंगटन सुंदर एकमात्र सफल बल्लेबाज रहे। सुंदर ने 37 गेंदों पर नाबाद 50 रन की पारी खेली। इसके अलावा, निशांत सिंधू 20, जोस बटलर 19, और अरशद खान 15 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी गेंदबाजों ने बेहतरीन और कसी हुई गेंदबाजी की और जीटी के बल्लेबाजों को कभी खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। रसिख सलाम डार ने चार ओवर में 27 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट लिए। जोश हेजलवुड ने चार ओवर में 37 रन देकर दो, भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 29 रन देकर दो, और क्रुणाल पांड्या ने चार ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिए थे।

फाइनल में जीत के बाद सीधे अनुष्का शर्मा के पास पहुंचे विराट कोहली, कपल ने यूं किया एक साथ सेलिब्रेट

मैच खत्म होने के बाद विराट कोहली सीधे स्टैंड्स की तरफ बढ़े जहां उनकी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मौजूद थीं। मैदान के किनारे विराट अपनी पत्नी अनुष्का से गले मिले। इस ऐतिहासिक जीत और पति के रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन को देखकर अनुष्का शर्मा की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था उनके चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। दोनों का यह विक्ट्री हग कैमरे में कैद हो गया और फैंस इस पल को फाइनल मैच का सबसे खूबसूरत लम्हा बता रहे हैं।

विराट कोहली ने हासिल किया मुकाम

इस पारी के दौरान विराट कोहली ने एक बेहद खास मुकाम हासिल किया। उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाते हुए सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया जो उनके आईपीएल इतिहास का सबसे तेज पचासा भी है। फाइनल जैसे बड़े और दबाव वाले मैच में इस तरह की तूफानी पारी खेलकर कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें क्यों बड़े मैचों का सबसे बड़ा खिलाड़ी माना जाता है।

आरसीबी ने नाम की ट्रॉफी

विराट कोहली की इस आतिशी और नाबाद पारी की बदौलत आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को शिकस्त देकर आईपीएल 2026 की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जैसे ही आरसीबी ने जीत का विजयी रन बनाया पूरा स्टेडियम कोहली-कोहली के नारों से गूंज उठा।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *