
सोशल मीडिया पर बड़ा कदम
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने टीम के IPL 2026 से बाहर होने के बाद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से 200 से ज्यादा पोस्ट डिलीट कर दिए। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी प्रोफाइल फोटो भी बदल दी। पंजाब के लीग स्टेज से बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार ट्रोल किया जा रहा था। हालांकि, पोस्ट हटाने की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन फैंस इसे हालिया विवादों और खराब प्रदर्शन से जोड़कर देख रहे हैं।
विराट कोहली के साथ वायरल रील भी हटाई

अर्शदीप ने जिन पोस्ट्स को हटाया, उनमें विराट कोहली के साथ उनकी एक वायरल रील भी शामिल थी। इस वीडियो में अर्शदीप मजाकिया अंदाज में कोहली से कहते नजर आए थे कि अगर बड़ा टारगेट मिलता तो वह लगातार तीसरी सेंचुरी भी लगा सकते थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था और इसे 1.5 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे। फैंस इस रील को काफी पसंद कर रहे थे, लेकिन अब यह पोस्ट भी उनके अकाउंट से गायब हो चुकी है।
दो विवादित वीडियो बने चर्चा का कारण

हाल के दिनों में अर्शदीप सिंह दो वीडियो को लेकर विवादों में रहे। पहले वीडियो में उनकी लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ई-सिगरेट यानी वेपिंग करते दिखाई दिए थे। वहीं दूसरे वीडियो में अर्शदीप मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा से कहते सुनाई दिए— “ओए अंधेरे, सनस्क्रीन लगाया?” इस टिप्पणी पर पूर्व भारतीय स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने आपत्ति जताई और इसे नस्लीय टिप्पणी करार दिया। इसके बाद सोशल media पर अर्शदीप की काफी आलोचना हुई।
BCCI की गाइडलाइन के बाद बढ़ी सख्ती
हाल ही में PTI की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि खिलाड़ियों से जुड़े वीडियो अब केवल फ्रेंचाइजी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से ही पोस्ट किए जाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार, टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों को BCCI की सोशल मीडिया गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश देने वाला था। माना जा रहा है कि अर्शदीप का सोशल मीडिया क्लीनअप इसी सख्ती का हिस्सा भी हो सकता है।
मैदान पर भी फीका रहा प्रदर्शन
इस सीजन अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 14 मैचों में सिर्फ 14 विकेट लिए और उनकी इकॉनमी भी 10 से ऊपर रही। पंजाब किंग्स की टीम भी प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। खराब प्रदर्शन, टीम की हार और लगातार विवादों के चलते अर्शदीप इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बने हुए हैं।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
