सहारनपुर से 4 आतंकवादी ग‍िरफ्तार, लखनऊ-नोएडा सह‍ित कई शहरों में अस्पताल-स्कूलों को बम से उड़ाने की थी साज‍िश


सहारनपुर से एटीएस और एसटीएफ ने चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये पाकिस्तानी गैंगेस्टर शहजाद भट्टी व आबिद जट के लिए काम कर रहे थे और लखनऊ, नोएडा सहित कई शहरों में स्कूलों व अस्पतालों को बम से उड़ाने की साजिश रच रहे थे।

एटीएस और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सहारनपुर से चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसियों के अनुसार, ये सभी आतंकी पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट के लिए काम कर रहे थे। आरोप है कि चारों आरोपी उत्तर प्रदेश में स्लीपर सेल तैयार करने और बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे।

स्कूलों और अस्पतालों को बनाया गया निशाना

एडीजी कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि आतंकियों को लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद समेत कई शहरों में स्कूलों और अस्पतालों को बम से उड़ाने का टास्क दिया गया था। इसके लिए आरोपियों ने कई शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों की रेकी भी की थी। जांच में यह भी सामने आया है कि नोएडा में एक गुप्त बैठक कर विस्फोटक सामग्री और हथियारों की व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई थी।

सोशल मीडिया के जरिए जुड़े आतंकी

जांच एजेंसियों के मुताबिक पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इन युवकों को अपने नेटवर्क से जोड़ा था। उन्हें एक राजनीतिक दल के कार्यालय को निशाना बनाने का भी निर्देश दिया गया था। एटीएस ने चारों आरोपियों के खिलाफ देश विरोधी साजिश रचने और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

फंडिंग और विस्फोटक जुटाने की तैयारी

एटीएस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गुरी सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसकी मुलाकात महकाब नामक व्यक्ति से नोएडा में हुई थी। इस दौरान विस्फोटक सामग्री और हथियार खरीदने के लिए फंड की व्यवस्था पर चर्चा हुई थी। आतंकियों ने यह भी कबूल किया कि पाकिस्तान से उन्हें पहले किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के निर्देश दिए गए थे। घटना के बाद फंड उपलब्ध कराने का वादा किया गया था। फिलहाल एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।

इन्हें किया गया है गिरफ्तार

  • 22 वर्षीय महकाब पुत्र हसरत, निवासी ढीक्का कला सहारनपुर

  • 20 वर्षीय शाहरुख, पुत्र इकराम, निवासी ढीक्का कला, सहारनपुर

  • 25 वर्षीय गगनदीप सिंह उर्फ गुरी सिंह, पुत्र हरजीत सिंह, निवासी शाहपुर, मुजफ्फरनगर

  • 22 वर्षीय मुशर्रफ, पुत्र मुबारिक, निवासी ढनढेरा, हरिद्वार।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *