17 जून को इकाना स्टेडियम में होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला
नवाबों की नगरी लखनऊ एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट के रंग में रंगने जा रही है। आईपीएल के रोमांचक मुकाबलों के बाद अब इकाना स्टेडियम भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले दूसरे वनडे इंटरनेशनल (ODI) मैच की मेजबानी करेगा। 17 जून को खेले जाने वाले इस मुकाबले को लेकर शहर के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली को देखने के लिए बेताब फैंस
इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली होंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ घोषित वनडे टीम में दोनों स्टार खिलाड़ियों की वापसी ने लखनऊ के क्रिकेट फैंस की खुशी दोगुनी कर दी है। इकाना स्टेडियम एक बार फिर ‘कोहली-कोहली’ और ‘रोहित-रोहित’ के नारों से गूंजता नजर आएगा।
राशिद खान बनाम टीम इंडिया, मुकाबला होगा बेहद दिलचस्प
अफगानिस्तान टीम के स्टार स्पिनर राशिद खान भी इस सीरीज का अहम आकर्षण होंगे। अपनी घातक फिरकी के लिए मशहूर राशिद खान भारतीय बल्लेबाजों के सामने बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। इकाना की पिच पर उनकी गेंदबाजी मुकाबले को और ज्यादा रोमांचक बना सकती है।
कुलदीप यादव और प्रिंस यादव पर रहेंगी खास नजरें
उत्तर प्रदेश और लखनऊ के क्रिकेट फैंस के लिए यह मुकाबला और भी खास होने वाला है। भारतीय टीम में यूपी के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को शामिल किया गया है, जिनकी ‘चाइनामैन’ गेंदबाजी विरोधी टीम के लिए खतरा बन सकती है।
इसके अलावा सबसे ज्यादा चर्चा लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की हो रही है। आईपीएल में विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर सुर्खियां बटोरने वाले प्रिंस यादव को अब भारतीय टीम की ब्लू जर्सी में खुद को साबित करने का मौका मिला है। फैंस को उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
टिकटों को लेकर बढ़ी दीवानगी, शहर में फिर चढ़ा क्रिकेट का खुमार
आईपीएल का रोमांच अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ था कि भारत-अफगानिस्तान मुकाबले ने लखनऊ में क्रिकेट का बुखार फिर बढ़ा दिया है। टिकटों को लेकर अभी से फैंस में उत्सुकता दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि मैच के दिन इकाना स्टेडियम पूरी तरह खचाखच भरा रहेगा।
अफगानिस्तान से एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश रेड्डी, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़।
अफगानिस्तान से वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।
भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज का पूरा कार्यक्रम
-
6-10 जून: एकमात्र टेस्ट, मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़)
-
14 जून: पहला वनडे, धर्मशाला
-
17 जून: दूसरा वनडे, लखनऊ
-
20 जून: तीसरा वनडे, चेन्नई
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.

