अमेरिका के अटलांटा शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने न्यायपालिका और पुलिस विभाग दोनों को सवालों के घेरे में ला दिया है। फेडरल कोर्ट में तैनात जज एलियानोर रोस और अटलांटा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी केली कोलियर के कथित विवाहेतर संबंधों का खुलासा होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। दोनों पहले से शादीशुदा बताए जा रहे हैं और अब इस मामले की जांच के बाद कई प्रशासनिक कार्रवाई भी शुरू हो चुकी हैं।

अमेरिका के अटलांटा स्थित फेडरल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की जज एलियानोर रोस इन दिनों एक बड़े विवाद के केंद्र में हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने कोर्ट परिसर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के साथ कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाए। यह मामला तब सामने आया जब न्यायिक जांच समिति की रिपोर्ट में इस संबंध को लेकर गंभीर टिप्पणियां की गईं। रिपोर्ट के अनुसार, जज रोस और अटलांटा पुलिस विभाग के अधिकारी केली कोलियर के बीच लगभग दो वर्षों तक संबंध रहे।
रिपोर्ट में दावा किया गया कि जज चैंबर में कार्य समय के दौरान दोनों के बीच कई बार संबंध बनाए गए और इसकी आवाजें कोर्ट कर्मचारियों तथा लॉ क्लर्क्स तक सुनाई देती थीं। इससे कोर्ट का माहौल असहज और परेशान करने वाला बन गया था। जांच समिति ने इसे “न्यायिक मर्यादा और निर्णय क्षमता की गंभीर कमी” बताया। समिति ने यह भी कहा कि इस रिश्ते के कारण हितों के टकराव (Conflict of Interest) का खतरा पैदा हो गया था।
एलियानोर रोस की नियुक्ति वर्ष 2014 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने की थी। वह इससे पहले फेडरल प्रॉसिक्यूटर, स्टेट कोर्ट जज और फुल्टन काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस में भी कार्य कर चुकी हैं। वहीं केली कोलियर 1998 से अटलांटा पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में कम्युनिटी सर्विस डिवीजन के डिप्टी चीफ के पद पर तैनात बताए जाते हैं।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, यह संबंध 2023 से 2025 तक चला। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि जज के पति को इस रिश्ते की जानकारी नहीं थी, जिससे जज ब्लैकमेल या दबाव का शिकार हो सकती थीं। शुरुआत में रोस ने आरोपों से इनकार किया, लेकिन जांच के दौरान कई तथ्यों और बयानों के सामने आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
जज रोस को निजी फटकार (Private Reprimand) दी गई है। इसके साथ ही उन्हें किसी भी न्यायिक नेतृत्व पद, जैसे चीफ जज बनने से रोक दिया गया है। उन्हें उन पूर्व लॉ क्लर्क्स को लिखित माफी भी भेजनी होगी जिन्होंने जांच में बयान दिए थे। हालांकि इस सजा को लेकर कई कानूनी विशेषज्ञों और न्यायिक पारदर्शिता से जुड़े संगठनों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद जज की पहचान लंबे समय तक छिपाकर रखना और उन्हें पद पर बने रहने देना न्याय व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।
एलियानोर रोस इससे पहले कई चर्चित मामलों की सुनवाई कर चुकी हैं। उन्होंने रियलिटी टीवी स्टार टॉड और जूली क्रिसली के बैंक और टैक्स फ्रॉड मामले की सुनवाई की थी। इसके अलावा उन्होंने 2020 के अमेरिकी चुनाव से जुड़े मेल-इन बैलेट विवाद पर दायर मुकदमे को भी खारिज किया था।
एलियानोर रोस उत्तरी जॉर्जिया जिले की पहली अश्वेत महिला जज हैं। उनका जन्म वॉशिंगटन में हुआ था। उनके पिता एक शिक्षक थे, जिनका निधन तब हो गया था जब वह सिर्फ आठ साल की थीं। उनकी बड़ी बहन, जो बाद में डॉक्टर बनीं, ने उनकी पढ़ाई में आर्थिक मदद की थी। वर्ष 2014 में सीनेट पुष्टि सुनवाई के दौरान उन्होंने अपने पति ब्रायन रोस का परिचय कराया था, जो वर्तमान में जॉर्जिया में स्टेट कोर्ट जज हैं।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.

