
लखनऊ/अमेठी। उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा यूपी 112 ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक व्यक्ति की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया है। जनपद अमेठी में पीआरवी 5344 पर तैनात पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक यूपी 112 ने संबंधित कर्मियों को सम्मानित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 जून 2026 को दोपहर 1:36 बजे यूपी 112 को अमेठी जनपद के थाना जगदीशपुर क्षेत्र के ग्राम सरेसर से घरेलू विवाद की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पीआरवी 5344 की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और कुछ ही समय में घटनास्थल पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों को पता चला कि एक व्यक्ति ने अपने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है और किसी भी आवाज का जवाब नहीं दे रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी कर्मियों ने समय गंवाए बिना पड़ोसी की छत के रास्ते घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। व्यक्ति गमछे का फंदा बनाकर फांसी पर लटक चुका था।
पुलिसकर्मियों ने तत्काल साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए फंदे को काटा और व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम की तत्परता और मानवता की भावना की सराहना की।
इस सराहनीय कार्य के लिए पीआरवी 5344 के कमांडर हरिओम उपाध्याय, सब-कमांडर प्रमिला तिवारी एवं कौशिक सिंह तथा पायलट पवन कुमार सरोज को पुलिस महानिदेशक यूपी 112 द्वारा सम्मानित किया गया।

पुलिस महानिदेशक यूपी 112 श्री विनोद कुमार सिंह ने कहा कि पीआरवी कर्मी निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं और अपने कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार से उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में की गई यह त्वरित कार्रवाई पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
