यूपी में योगी सरकार का बड़ा फैसला, मंत्रियों की फ्लीट में 50% कटौती ‘नो व्हीकल डे’ से वर्क फ्रॉम होम तक, ईंधन बचत पर बड़ा अभियान शुरू


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेश में ईंधन बचत, संसाधनों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री और मंत्रियों की फ्लीट में 50 प्रतिशत तक कटौती करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी काफिलों में चल रहे अनावश्यक वाहनों को तुरंत हटाया जाए, ताकि ईंधन की खपत कम हो और सरकारी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो सके। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से भी प्रधानमंत्री के ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भरता के आह्वान से जुड़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में देशहित को सर्वोपरि रखते हुए हर नागरिक को ईंधन बचाने और अनावश्यक खर्चों से बचने की दिशा में जिम्मेदारी निभानी होगी।

UP Chief Minister Yogi Adityanath
UP Chief Minister Yogi Adityanath

मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में ‘वर्क फ्रॉम होम’ संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बड़े संस्थानों, निजी कंपनियों और स्टार्टअप्स में सप्ताह में कम से कम दो दिन वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था लागू करने के लिए एडवाइजरी जारी की जाएगी। इसके साथ ही सचिवालय और निदेशालय स्तर पर होने वाली 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को वर्चुअल मोड में आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकारी बैठकों, सेमिनारों और कॉन्फ्रेंस को अधिकतम वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर जोर दिया गया है, ताकि यात्रा और ईंधन की आवश्यकता को कम किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए मंत्री, सांसद और विधायकों से भी सप्ताह में कम से कम एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि स्वयं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे तो जनता में भी सकारात्मक संदेश जाएगा। साथ ही प्रदेश में पीएनजी, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के अधिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने साइक्लिंग, कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

ऊर्जा संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री ने सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से बिजली की बचत करने और सजावटी लाइटों के सीमित उपयोग का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके बड़े स्तर पर ऊर्जा संरक्षण किया जा सकता है। इसके अलावा पीक ऑवर में ट्रैफिक और ईंधन की खपत कम करने के लिए अलग-अलग कार्यालय समय लागू करने का सुझाव भी दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने अगले छह महीनों तक गैर जरूरी विदेशी यात्राओं को टालने की सलाह देते हुए देश में ही पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि लोग देश और प्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता दें। साथ ही ओडीओपी, जीआई टैग और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकता है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *